कालपी। बेटे की पिटाई करने पर पिता ने प्रधानाचार्य के खिलाफ मारपीट व एससी एसटी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पिता ने घड़ा छूने पर मारपीट का आरोप लगाया है। जांच में छात्रा को नोचने का मामला संज्ञान में आया है।
कोतवाली क्षेत्र के जोल्हूपुर मोड़ निवासी वीर प्रताप ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसका बेटा रियांश कक्षा चार का छात्र है। वह नगर के मनीगंज मोहल्ले में संचालित बंदी छोर कबीर बाल विद्यालय में पढ़ता है। उन्होंने बताया कि शनिवार को विद्यालय में रखा पानी का घड़ा छूने पर उसके बेटे को प्रधानाचार्य राजेश तिवारी ने इतना पीटा की उसको चोटें आईं। आरोप लगाया कि उसे जातिसूचक शब्दों से संबोधित किया। बताया कि घर में छात्र ने परिजनों को पूरी बात बताई तो वह उसे लेकर स्कूल पहुंचे और शिक्षक से बात की। इस पर वह उसे भी बुरा भला करने लगे। उसने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने उसकी तहरीर बदलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने जांच में पाया कि छात्र ने उसी कक्षा की छात्रा को नोच लिया था। इस पर गुस्साए प्रधानाचार्य ने उसकी पिटाई कर दी थी। पीड़ित एसपी के पास पहुंचा और पूरी बात बताई। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल परमहंस तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर जांच शुरू कर दी है।