शव चौराहे पर रख कर जाम लगाये बिजली विभाग के संविदाकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
बीती 17 दिसंबर को खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक करते समय अचानक फीडर चालू होने से गंभीर रूप से झुलसे लाइनमैन ने मेडिकल कालेज ग्वालियर इलाज के दौरान मंगलवार की रात दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव बुधवार को कोंच लेकर आए और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और नारेबाजी कर मुआवजे की
मांग की। जब विभाग ने दो लाख का चेक परिजनों को दिया, तब उन्होंने जाम खोला और यातायात बहाल हो सका। 17 दिसंबर को कैलिया के ब्यौना राजा में ट्रांसफार्मर ठीक करने के दौरान एसएसओ द्वारा सप्लाई चालू कर देने से ब्यौना राजा निवासी संविदाकर्मी संजीव गुप्ता करंट की चपेट में आकर झुलस गया था। ग्वालियर मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान
मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। आक्रोशित मृतक के परिजनों ने बुधवार को कोंच रोड पर शव रखकर जाम लगा दिया और नारेबाजी करने लगे। सूचना पर एसडीएम मोईन उल
इस्लाम, सीओ एके शुक्ल, कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विवेदी आदि मौके पर पहुंच गए और प्रदर्शनकारियों को समझाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। इसके बाद बिजली विभाग द्वारा जब दो लाख का चेक मृतक के परिजनों को दिया गया, तब उन्होंने जाम खोला। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।