मुहम्मदाबाद। ऐर गांव के बाहर मंगलवार को बाइक की टक्कर से स्कूटी सवार आंगनबाड़ी सहायिका गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बाइक में सवार दो लोग भी घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
शहर निवासी हेमंत कुमारी उर्फ हेमलता (37) सोमवार को मायके डकोर कोतवाली क्षेत्र के ऐर गांव स्कूटी से गई थीं। मंगलवार की दोपहर को जब वह घर लौट रही थीं, तभी जैसे ही वह गांव के बाहर निकली कि बाइक चालक ददरी निवासी ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। वहीं, बाइक सवार चालक व उसका साथी मानवेंद्र भी घायल हो गए। राहगीरों ने तीनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां हेमलता को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि वह आंगनबाड़ी सहायिका पद पर तैनात थीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।