फोटो - 05 मृतक आशीष उर्फ राजा की फाइल फोटो।
रामपुरा। थाना रामपुरा क्षेत्र के कदमपुरा गांव के पास शनिवार शाम स्कूली बस की टक्कर से इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार की मौत हो गई। परिजन थाने पहुंच गए और चालक पर कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर तलाश शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के बगियापुर गांव निवासी आशीष उर्फ राजा (40) बहन के निधन के बाद आयोजित शांति पाठ में शामिल होने के लिए भांजे पवन कुमार निवासी कूसेपुरा, थाना रामपुरा के यहां आया था। शनिवार शाम करीब पांच बजे वह इलेक्ट्रिक स्कूटी से गांव लौट रहा था। कदमपुरा के पास सामने से आ रही स्वर्गीय राजा चित्तर सिंह बालिका इंटर कॉलेज, रामपुरा की बस से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरा ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि आशीष अपने पिता सुखवासी की दो संतानों में बड़ा था। उसके छोटे भाई गुड्डू की करीब दो वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। ऐसे में आशीष ही परिवार का सहारा था। उसकी पत्नी सुमन देवी और चार बच्चे हैं। इनमें रुचि, पलक, नव्या और हिमांशु शामिल हैं। बड़ी बेटी रुचि की शादी नवंबर में तय थी। घर में विवाह की तैयारियों के बीच परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
अस्पताल में पति की मौत की खबर सुनते ही सुमन देवी बदहवास हो गईं। वह बार-बार रोते हुए बेहोश हो जा रही थीं। वहीं, बुजुर्ग पिता सुखवासी अपने बुढ़ापे के सहारे को खोने से टूट गए। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण थाने पहुंच गए। सूचना पर सीओ सहित माधोगढ़ और गोहन थानों की पुलिस भी पहुंची। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। सीओ अंबुज यादव का कहना है कि मामले में चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।
फोटो - 05 मृतक आशीष उर्फ राजा की फाइल फोटो।