उरई। मंडलायुक्त अजय शंकर पांडे व डीआईजी जोगेंद्र कुमार ने स्वतंत्र, निष्पक्ष व सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने दिव्यांग मतदाताओं से बातचीत कर कहा कि निर्भीक होकर मतदान करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता अपना मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कृषि उत्पादन मंडी एट, जनता इंटर कॉलेज, वैदिक इंटर कॉलेज सोमई, प्राथमिक विद्यालय गिरथान पर पहुंचकर मतदान स्थल पर बनाए गए बूथों का निरीक्षण किया। इसमें विशेषकर शौचालय, दिव्यांगों के लिए रैंप बिजली पेयजल भवन साफ सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निरीक्षण के दौरान कहा कि चुनाव ड्यूटी में किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट पल-पल की रिपोर्टिंग जिला निर्वाचन अधिकारी को देते रहेंगे। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इस दौरान उप निर्वाचन अधिकारी पूनम निगम आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।