उरई। बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने एवं विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए नवाचार कौन बनेगा नन्हा कलाम की तहसील स्तरीय द्वितीय चरण की परीक्षा 19 मई को होगी। परीक्षा सुबह साढ़े आठ से 10 बजे तक होगी। प्रथम चरण की परीक्षा में प्रत्येक विद्यालय के जूनियर और सीनियर वर्ग के दो हजार परीक्षार्थी अब दूसरे चरण की तहसील स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि तहसील स्तरीय परीक्षा के लिए प्रत्येक तहसील में एक एक केंद्र बनाया गया है। उरई तहसील के समस्त परीक्षार्थी डीएवी इंटर कालेज उरई में, एसआरपी इंटर कालेज कोंच में कोंच तहसील के समस्त परीक्षार्थी, जालौन तहसील के समस्त परीक्षार्थी छत्रसाल इंटर कालेज जालौन में परीक्षा देंगे। कालपी तहसील के समस्त परीक्षार्थी एमएसवी इंटर कालेज कालपी में तथा नदीगांव ब्लाक के बंगरा न्याय पंचायत के समस्त परीक्षार्थी व माधौगढ़ तहसील के समस्त परीक्षार्थी बुंदेलखंड इंटर कालेज माधौगढ़ में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि पहले चरण की प्रतियोगिता से चयनित करीब दो हजार परीक्षार्थी दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल होंगे। दूसरे चरण में सौ परीक्षार्थियों का चयन किया जाएगा। तीसरे और अंतिम चरण में केवल 15 परीक्षार्थी नन्हा कलाम के लिए चयनित होंगे। परीक्षा की तैयारी के लिए डीआईओएस भगवत पटेल व बीएसए प्रेमचंद यादव ने कार्यालय में बैठक भी ली।