भारतीय स्टेट बैंक की कालपी शाखा में अवैध रूप से कैश निकासी और नोट बदलवाने की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को आरबीआई के अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस दौरान बैंक में हलचल मच गई। आरबीआई के अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम, मैनेजर रूम, ग्राहक हाल सहित सभी कमरों के सीसीटीवी कैमरे चेक किए व सीसीटीवी फुटेज, कैश एक्सचेंज डाटा सहित 8 नवंबर से अभी तक खातों में इंट्री के रिकॉर्ड चेक कर सुरक्षित कर लिए हैं। देर शाम तक जांच पड़ताल जारी थी।
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे आरबीआई की तीन सदस्यीय टीम अचानक कालपी की एसबीआई ब्रांच पहुंची और चेकिंग शुरू कर दी। टीम ने चेकिंग कार्रवाई इतनी गोपनीय तरीके से शुरू की कि बैंक के रोजमर्रा के ग्राहकों व कर्मियों तक को हवा नही लगी। सारे रूम की चेकिंग के बाद मैनेजर रूम में 8 नवंबर से अभी तक का पूरा डाटा डे बाई डे चेक किया गया।
आरबीआई से कितना कैश आया, कितना कैश रोज जमा हुआ, कितना कैश की रोजाना निकासी हुई, कितना कैश एक्सचेंज किया गया, सारा विवरण डाटा, सीसीटीवी फुटेज सहित विभिन्न जानकारियां सुरक्षित कर ली गई है। देर शाम तक आरबीआई की टीम बैंक में डटी रही और सघन चेकिंग करती रही। उधर, इस संबंध में आरबीआई के अधिकारियों ने कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। कहा कि पूरी रिपोर्ट आरबीआई हेड क्वार्टर को दी जाएगी। बैंक प्रबंधन ने पूरे मामले पर चुप्पी साध रखी है।