फोटो-15-खाद्य पदार्थों की जांच करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। स्रोत-विभाग
उरई/कालपी। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कई प्रतिष्ठानों से पनीर, घी, क्रीम, पेड़ा और बर्फी का नमूना लिया है।
सोमवार को सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने उरई व कालपी क्षेत्र में अभियान चलाया। कालपी में तहसीलदार अभिनव कुमार तिवारी के साथ टीम ने कामधेनु डेयरी से पनीर, घी, क्रीम का नमूना लिया। गबद्दे का हलवा की प्रतिष्ठान से हलवा का नमूना लिया। फुलपावर मिष्ठान भंडार से खाद्य पदार्थ गुझिया मिठाई का नमूना लिया।
हाईवे राजमार्ग पर चमारी नाला के पास गाड़ी में जा रहे वैष्णवी ट्रेडिंग के खाद्य पदार्थ केक मिक्स पाउडर का नमूना लिया। उरई फैक्टरी एरिया में स्थित हरिओम मिल्क प्रोडक्टस के प्रतिष्ठान से पेड़ा व बर्फी का नमूना, दादी मिल्क प्रोडक्टस के प्रतिष्ठान से बर्फी व स्वीट केक का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। प्रतिष्ठानों में साफ सफाई संतोषजनक न मिलने पर नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों तक जिले के विभिन्न बाजारों में निरीक्षण चलता रहेगा। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैयालाल यादव, सुनील कुमार शामिल रहे।