उरई। मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान बुखार पीड़ित युवक की मौत के मामले में प्रशासन को अब उसकी सैंपल रिपोर्ट आने का इंतजार है। जबकि शव का अंतिम संस्कार कराने के बाद साथ आए तीमारदारों को भी एक गेस्ट हाउस में क्वारंटीन कर दिया गया है। डीएम डा. मन्नान अख्तर का कहना है कि मृत युवक की ट्रैवल हिस्ट्री थी। लिहाजा उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। देर रात युवक व उसके परिजनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बता दें कि गुरुवार देर रात तीन बजे राठ से मेडिकल कालेज पहुंचे 35 वर्षीय भट्ठा मजदूर की शुक्रवार सुबह छह बजे के आसपास जनरल वार्ड में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मेडिकल कालेज प्रबंधन के मुताबिक, उसे तेज बुखार था और हृदयगति भी काफी तेज थी। मेडिकल कालेज प्राचार्य डा. द्विजेंद्र नाथ के मुताबिक, मौत का कारण पता करने के लिए ही मजदूर का सैंपल जांच के लिए भेजा गया, इसके बाद ही कोरोना को लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकता है।
फिलहाल साथ आए आधा दर्जन तीमारदारों को भी एहतियात के तौर पर क्वारंटीन किया गया है। वहीं परिजनों ने बताया कि युवक फिरोजाबाद में किसी भट्ठे में काम करता था और दो दिन पहले ही राठ लौटा था। उसे आंत की भी बीमारी थी। सीएमओ डॉ अल्पना बरतरिया का कहना है कि शुक्रवार को जांच के लिए युवक समेत 23 लोगों के नमूने भेजे गए थे, उन सभी की देर रात निगेटिव रिपोर्ट आई है।
मेडिकल स्टाफ भी भयभीत, किए गए होम क्वारंटीन
राजकीय मेडिकल कालेज के जिन स्टाफ ने युवक का इलाज किया था, वह भयभीत है। प्राचार्य के मुताबिक, इलाज करने वाले दो जूनियर डाक्टर, तीन स्टाफ नर्स और चार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को भी होम क्वारंटीन किया गया है।