कोंच। नया पटेल नगर क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त लेखपाल के घर में चोरों ने लाखों रुपये पार कर दिए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और पीआरबी ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी करने के साथ आसपास छानबीन की। हालांकि पुलिस इस घटना को संदिग्ध बता रही है।
सेवानिवृत्त लेखपाल रामेश्वर दयाल नया पटेलनगर में कांच के मंदिर के पास रहते हैं। शनिवार की रात जब वह और परिजन सो रहे थे तभी देर रात चोर घर में घुसे और अलमारी में रखे जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। सूचना पर यूपी 112 पीआरबी और कोतवाली पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल की। रामेश्वर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सोने की चार चूड़ियां, झुमकी, टॉप्स, सोने की सुई-धागा, सात अंगूठी, बेंदी, मंगलसूत्र, एक चेन, एक जोड़ी बाला, मनचली और चांदी की हाफ पेटी, पायल, तोड़ियां और लगभग चार हजार की नकदी चोरी हुई है। पीड़ित ने बताया जेवर की कीमत लगभग छह लाख रुपये है। कोतवाल बलिराज शाही ने रविवार की सुबह दोबारा मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली।