कोंच। सड़क हादसे में रोडवेज कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। वह अपने गांव वापस लौट रहा था, तभी कानपुर नगर बिल्हौर के पास हादसा हो गया। वह मुरादाबाद रोडवेज में लिपिक के पद पर तैनात था। मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया।
कोंच तहसील क्षेत्र के देवगांव निवासी गजेंद्र शांडिल्य (30) लगभग 5 साल पहले रोडवेज मुरादाबाद डिपो में लिपिक के पद पर कार्यरत था। मंगलवार की रात गजेंद्र मुरादाबाद से कानपुर आ रही रोडवेज बस में सवार होकर अपने गांव आ रहा था। बस में वह कंडक्टर की साइड आगे ही बैठा हुआ था। बुधवार की तड़के कानपुर के बिल्हौर थाने के बांगरमऊ तिराहे पर चालक को झपकी आने के कारण बस सड़क के बीचोंबीच बने पुल के डिवाइडर से टकरा गई। इससे बस का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गजेंद्र को गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही उसके गांव परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि उसकी शादी नहीं हुई थी। उसका बड़ा भाई ब्रजेंद्र व एक बहन है।