कालपी। तहसील क्षेत्र के उसरगांव में काली देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए अब श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने जा रही है। करीब 94 लाख रुपये की लागत से बनने वाली लगभग एक किलोमीटर लंबी सड़क को शासन से मंजूरी मिल गई है। लोक निर्माण विभाग जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराएगा।
अब तक हाईवे से मंदिर को जोड़ने वाला मार्ग जर्जर हालत में था। इससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बारिश के समय यह समस्या और बढ़ जाती थी।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक विनोद चतुर्वेदी को अवगत कराया था। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे कार्ययोजना में शामिल किया और संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। प्रस्ताव पर कार्रवाई करते हुए शासन ने सड़क निर्माण को मंजूरी दे दी है। विधायक विनोद चतुर्वेदी ने बताया कि सड़क बनने से उसरगांव सहित आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी।