एट। ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उस पर सवार आठ लोग घायल हो गए। जबकि चार लोगों को मामूली चोट आई हैं। हाईवे पर हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। राहगीरों की मदद से घायलों को पहले नजदीक के अस्पताल में फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी घायल किसी शादी समारोह से लौट आ रहे थे।
राठ थाना क्षेत्र के इटालिया जरिया निवासी मैयादीन वर्मा अपने भांजे जितेंद्र के शादी समारोह का कार्यक्रम निपटाने के बाद नाते रिश्तेदारों को ट्रैक्टर ट्राली से लेकर वापस जा रहे थे। हाईवे स्थित सोमई गिरथान गांव के निकट अचानक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई और देखते ही देखते खंदक में जा गिरी। हादसा होते ही चीख पुकार मच गई। हादसे में जरिया निवासी रति राम, शेखचंद्र, अशोक कुमार, मायादीप, राजकुमार, सुमित्रा देवी, भानूमती, रुपरानी घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से एंबुलेंस के माध्यम से सभी को पास के अस्पताल से जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से रति राम और ट्रैक्टर चालक शेखचंद्र की हालत बेहद गंभीर होने पर उन्हें झांसी रेफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि अन्रू घायलों को इलाज के बाद दूसरे वाहनों से उनके गांव भेज दिया गया है। राहगीरों ने बताया कि कुछ ही दूरी पर बिजली का पोल भी था। यदि ट्रैक्टर उससे टकराता तो हादसा बड़ा हो सकता था।