कदौरा। सड़कों पर घूमते अन्ना मवेशी राहगीरों के लिए बवाल ए जान बनते जा रहे हैं। अक्सर इन अन्ना मवेशियों के कारण सड़क हादसों की संख्या बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को भी अन्ना मवेशियों को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में तीन लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। बाइक सवार हेलमेट लगाए था।
थाना क्षेत्र के ग्राम सहादतपुररोगी के समीप अचानक सामने से आए अन्ना मवेशियों को बचाने के चक्कर मे असंतुलित होकर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। बाइक में बैठी यशोदा (50), सतीश (24) व प्रिंसि (15) निवासी हांसा थाना कदौरा घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां यशोदा की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जबकि पुत्र सतीश और पुत्री प्रिंसि को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जाता है कि महिला फतेहपुर रिश्तेदारी से लौट कर वापस गांव आ रही थी।
---------------
दहेज में बाइक न देने पर गर्भवती को घर से निकाला
कदौरा। दहेज में बाइक की मांग की पूरी न करने पर ससुरालियों ने गर्भवती को मारपीट कर घर से निकाल दिया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत थाना पुलिस से की है। थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना निवासी गायत्री ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में अवगत कराया है कि उसका विवाह एक वर्ष पहले हुआ था। इसके बाद ससुरालियों की ओर से लगातार दहेज में बाइक की मांग कर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि गुरुवार को वह खाना खा रही थी। तभी पति ने मायके से बाइक लाने के लिए कहा। मना करने पर पति, सास, देवर व अन्य लोगों ने मारपीट की। पुलिस ने कहा कि तहरीर मिली है। ससुरालियों को बुलाया गया है जांच कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)