कुठौंद। इलाज कराकर बाइक से घर लौट रहे बाइक सवार पूर्व प्रधान के बेटे को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। जवान युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। युवक हेलमेट नहीं लगाए था।
कुठौंद थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव निवासी पूर्व प्रधान जगराम का 25 वर्षीय पुत्र रामअनुज बुधवार की सुबह 11 बजे औरैया से दांतों का इलाज कराकर बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी तिरावली मोड़ के पास ट्रैक्टर चालक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे रामअनुज की मौके पर ही मौत हो गई। उप निरीक्षक रामचंद्र ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना जब युवक के घर पहुंची तो घर में कोहराम मच गया और परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाई व छह बहने हैं। बड़े भाई दृगपाल है। मृतक बीएससी की पढ़ाई कर रहा था और उसकी शादी नहीं हुई थी। पिता जगराम आर्मी से रिटायर्ड थे और गांव के पूर्व प्रधान हैं। वहीं थाना पुलिस ट्रैक्टर चालक का पता लगा रही है।