माल गोदाम पर पडे़ चावल को खाती गाय।
- फोटो : अमर उजाला
उरई (जालौन)। दीपावली पर्व से पहले उरई रेलवे स्टेशन के माल गोदाम पर चावल की बोरियों से भरी एक रैंक उतारी गई थी। इसमें 92 हजार बोरी चावल रेलवे माल गोदाम के पास पटरियों के किनारे उतार दी गई थी। इन बोरियों को छह दिन तक खुले आसमान के नीचे पडे़ होने से आवारा जानवरों ने सैकड़ों बोरी फाड़ दी और चावल बर्बाद कर दिया। जमीन पर फैला चावल लोग भरकर ले गए हैं। इससे सरकारी खाद्यान्न का काफी नुकसान हो रहा है।
29 अक्तूबर को मुरादाबाद से उरई रेलवे स्टेशन केे माल गोदाम केे आसपास सरकारी चावल की 92 हजार बोरियों की रैंक उतारी गई थी। गुरुवार को छह दिन बीतने के बाद भी अभी तक यह बोरियां माल गोदाम के आसपास आज भी रखी है। भारतीय खाद्य निगम विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से बोरियों को अन्ना पशुओं ने तमाम बोरियां फाड़ दी। माल गोदाम के आसपास फैले हुए चावल को गुरुवार को मजदूरों ने समेटना शुरू कर दिया। क्षेत्रीय लोगों में इस बात की खासी चर्चा है कि ठेकेदारों की लापरवाही से यह माल गोदामों तक नहीं पहुंच पाया। इससे चावल की बोरियों से खासा नुकसान हो गया है। लोगों ने इस लापरवाही की जांच करवाकर कार्रवाई की मांग की।