जालौन। युवक के परेशान करने से आहत युवती के आत्महत्या कर लेने के मामले में पुलिस ने युवक व उसके सिपाही भाई सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसी सभी पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ऐदलपुर गांव निवासी मानसिंह ने 12 जून को एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार को शिकायती पत्र दिया था। इसमें बताया था कि 19 वर्षीय बेटी रश्मि को गांव का ही बीटू परेशान करता था। इसके बारे में जानकारी हुई तो उसने बेटी की शादी पांच मई को कर दी। 18 मई को बेटी ससुराल से घर आई थी। 25 मई की सुबह 4 बजे बीटू उसके दरवाजे पर आ गया और बेटी को परेशान करने लगा। बेटा यशपाल वहां पहुंचा तो बीटू मौके से भाग गया।
भाई ने रश्मि से पूछा तो बताया कि बीटू उसे धमकी दे रहा था। पीड़ित ने बताया कि बीटू का भाई राहुल पुलिस में है। इस पर उसके भाई रोहित व मोहित किसी से भी विवाद करने लगते हैं। उन्होंने शिकायत भी की थी। सुनवाई न होने से आहत उसकी बेटी ने 25 मई को आत्महत्या कर ली थी। सीओ शैलेंद्र कुमार बाजपेयी ने बताया कि रिपोर्ट दर्जकर ली गई है। जांच की जा रही है।