जालौन। लॉकडाउन के दौरान भी निर्माण कार्य करा रहे गृहस्वामी व मजदूरों समेत आठ लोगों और लॉकडाउन का उल्लंघन कर गांव में घरों के बाहर एकत्रित 5 लोगों पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। उधर उरई में भी तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
मोहल्ला बापू साहब में रजिस्ट्री आफिस के पास, चुर्खी रोड पर चंदा छाया उत्सव गृह के पास एवं कटरा समेत कई जगहों पर निर्माण चल रहा है। कटरा में चल रहे निर्माण कार्य की सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित ने आठ लोगों इसराज, रोहित, शोएब, संतोष, आमिर, इमरान, न्यामत मंसूरी व शहजाद को पकड़ लिया है। उधर, उरगांव में कुछ लोग घर के बाहर एकत्रित थे। पुलिस ने लॉकडाउन का उल्लंघन पर अरविंद, स्वामीदीन, जगत सिंह, पन्नालाल व बृजलाल के खिलाफ कार्रवाई की। उरई शहर कोतवाली के दरोगा अशोक कुमार ने शैलेंद्र कुमार विश्नोई पुत्र शिवकुमार निवासी नया पटेल नगर व तीन अन्य लोगों के खिलाफ लॉकडाउन का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है।
आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर मामला दर्ज
उरई/जालौन। सोशल मीडिया पर देश के गृहमंत्री पर आपत्तिजनक पोस्ट के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को पकड़कर मामला दर्ज किया। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चुर्खीवाल निवासी सोएब अंसारी ने व्हाट्सअप पर गृहमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की थी। चौकी प्रभारी संजीव दीक्षित ने आरोपी को पकड़कर उसका मोबाइल जब्त कर लिया। शहर कोतवाली पुलिस ने बघौरा के अंकित राजावत और दो अन्य पर फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर की। पटेल नगर जेल रोड निवासी आशुतोष दीक्षित पर भी मामला दर्ज किया गया, जबकि गोहन थाना पुलिस ने जमरेही सानी निवासी अय्यूब खान पर सोशल मीडिया में आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर मामला दर्ज कर लिया है। संवाद