कोटरा। नगर पंचायत में सफाई कर्मचारी के पुत्र ने घर के कमरे में बंद होकर फांसी लगा ली। परिजन जब उसे जगाने पहुंचे तो कमरे से आवाज ना आने पर पड़ोस के लोग आ गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को फांसी से उतारकर जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोटरा कस्बा के मोहल्ला नरसिंहजी निवासी शिव शंकर के 24 वर्षीय पुत्र गजेंद्र ने घर के कमरे में बंद होकर साड़ी से फांसी लगा ली। रविवार की शाम चार बजे जब पत्नी पायल कमरे में पहुंची तो बाहर से दरवाजा बंद था। उसने कई आवाजें लगाई। जवाब न मिलने पर उसने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तो गजेंद्र का शव फांसी पर लटका था। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि गजेंद्र मजदूरी के साथ साथ बैंड बजाने का काम करता था। उसने फांसी क्यों लगा ली इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। एक वर्ष पहले ही उसकी शादी कानपुर निवासी पायल के साथ हुई थी। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वही कस्बे के लोगों में चर्चा है कि मृतक जुआ खेलता था। और वह कई लोगों के पैसे भी उधार लिए था। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी।