माधौगढ़। नवविवाहिता की मौत के मामले में रविवार को पुलिस ने पति समेत चार ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने पति व ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के जमरेही अव्वल गांव निवासी सृष्टि ने शनिवार रात पति शीलू से विवाद के बाद फंदा लगाकर जान दे दी थी। औरैया से आए सृष्टि के पिता नरेंद्र ने बताया कि उसने पुत्री की शादी 18 फरवरी 2025 को की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले पुत्री से दहेज की मांग करते हुए धमकी देते थे।
रुपये न मिलने पर पति शीलू, ससुर कुंवर सिंह, जेठ विष्णु गौतम, जेठानी ज्योति ने शनिवार की रात उसकी पुत्री को मारकर फंदे पर लटका दिया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। शीलू और उसके पिता कुंवर को हिरासत में ले लिया है।
कोतवाल बृजेश बहादुर सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्जकर पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। जांच की जा रही है।