माधौगढ़। उप डाकघर में एक माह से उपकरण खराब है। इससे रजिस्ट्री, आधार कार्ड का कार्य नहीं हो पा रहा है। खाताधारकों ने पोस्टमास्टर जनरल आगरा को शिकायती पत्र भेजकर उपकरण ठीक कराने की मांग की है।
बता दें कि तहसील क्षेत्र के उप डाकघर के अंतर्गत सात शाखा डाकघर हैं। खाताधारक डॉ. अरुण भदौरिया का कहना है कि उप डाकघर में तीन कर्मचारी की जगह एक कर्मचारी है। एक माह से प्रिंटर खराब है। आधार कार्ड, डाक रजिस्ट्री, पार्सल, स्पीड पोस्ट का कार्य नहीं हो पा रहा है।
डाकघर में डाक बांटने, पैकर व ग्रामीण डाक बांटने के लिए मात्र एक कर्मचारी है। लोगों को समय से कागजात नहीं मिल पा रहे हैं। खातेदार अतुल कुमार, विनोद कुमार, ऋषि गुप्ता का कहना है कि डाकघर कस्बा से चितौरा रोड पर पहुंच गया है।
वहां पहुंचकर भी कार्य न होने से समय की बर्बादी होती है। उप डाकपाल नईम खान का कहना है कि उपकरण खराब होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है।
कालपी डाकघर में बनेंगे आधार कार्ड
सहायक डाक अधीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि कालपी डाकघर में आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। नया आधार कार्ड निशुल्क बन रहा है। संशोधन वाले आधार कार्ड के लिए पचास रुपये निर्धारित है। इसके लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगा दी गई है। जिन्हें नए आधार कार्ड बनवाने हैं या संशोधन कराना है, वह सुबह दस बजे के बाद डाकघर जाकर आधार कार्ड संबंधी कार्य करा सकता है।