उरई। गल्ला व्यापार सेवा समिति का वार्षिक चुनाव शुक्रवार को गल्ला मंडी के मीटिंग सभागार में हुआ। अध्यक्ष पद के चुनाव में शिवकुमार निगौतिया और रवि इटौंदिया के बीच सीधा मुकाबला हुआ। रवि को 157 पद मिले तो उनके प्रतिद्वंद्वी शिवकुमार को 122 मत मिले। रवि ने 35 मतों से जीत हासिल की।
सुबह दस बजे से दो बजे तक वोटिंग चली। इसमें 281 मतदाताओं में 279 ने भाग लिया। चुनाव अधिकारी ब्रजेश गुप्ता, राजेंद्र राजपूत, संजीव दुबे रिनियां, ब्रजकिशोर गुप्ता ने जैसे ही उनके नाम की घोषणा की। उनके साथी व्यापारियों ने फूल माला पहनाकर खुशी जाहिर की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि वह गल्ला व्यापारियों की समस्याओं के लिए हर स्तर पर संघर्ष को तैयार हैं। जल्द ही सभी की सहमति से अन्य पदाधिकारियों का चयन किया जाएगा। इस दौरान देवेंद्र गुप्ता, मनोज कालपी, अनूप लखौटिया, श्रवण कुमार गुप्ता, दयाशंकर, रमाशंकर गुप्ता, मानसिंह राजपूत, अंबरीश द्विवेदी आदि व्यापारी मौजूद रहे।