उरई रेलवे यार्ड का निरीक्षण करते आरवीएनएल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रियांक गुप्ता।
- फोटो : ORAI
उरई। भाजपा सांसद भानुप्रताप वर्मा के कड़े रुख के बाद उरई रेलवे स्टेशन यार्ड का गुरुवार को रेल विकास निगम लिमिटेड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर प्रियांक गुप्ता ने निरीक्षण किया। उन्होंने मताहतों को जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। डायरेक्टर ने छोड़ी गई उस जमीन को भी देखा, जिस पर बुधवार को सांसद भानू प्रताप वर्मा ने नाराजगी जताई थी। इस पर डायरेक्टर ने आईओडब्लू से रेलवे की जमीन के चिह्नीकरण कराने की बात कही। कहा कि यार्ड में जो मिट्टी डाली जा रही है, उसकी गुणवत्ता भी ठीक रहें।
बता दें कि करीब 35 करोड़ की लागत से बनाए जा रहे उरई स्टेशन यार्ड के निर्माण कार्य में गड़बड़ी को लेकर सांसद सवाल उठा चुके हैं। सांसद का कहना था कि यार्ड के पास रेलवे की जमीन बिना बाउंड्री के क्यों छोड़ा गया और यार्ड निर्माण के लिए प्रयोग में लाई जा रही मिट्टी का भी गुणवत्ता देखकर प्रयोग किया जाए। सांसद की नाराजगी के बाद गुरुवार को प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने यार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने यार्ड का काम इसी साल तय समय सीमा फरवरी मार्च तक पूरा कराने के निर्देश दिए। अमर उजाला ने 29 दिसंबर के अंक में मामले को सबसे पहले प्रकाशित किया था।