जालौन में सड़क खोदकर डाले जा रहे पाइप
- फोटो : ORAI
नगर में जलकल विभाग द्वारा डाली जा रही पाइप लाइन में घटिया पाइपों का प्रयोग किया जा रहा है, जबकि मानक के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाले पाइप डाले जाने चाहिए। समाजसेवियों ने डीएम से डाले जा रहे पाइपों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
नगर में सीसी रोड के निर्माण के बाद सड़क को काटकर जलकल विभाग द्वारा पाइप लाइन बिछाई जा रही है। जो पाइप लाइन बिछाई जा रही है। उसमें भी घटिया क्वालिटी के लोहे के पाइपों का प्रयोग किया जा रहा है।
नगर के विपुल दीक्षित, अफजाल अहमद, अब्दुल कय्यूम, प्रतीकांत चंसौलिया, कृष्णकांत शर्मा आदि का कहना है कि एक बार पाइप लाइन बिछने के बाद कई साल तक पाइप लाइन नहीं बिछाई जाएगी।
ऐसे में यदि घटिया पाइपों का प्रयोग किया गया तो जंग लगने के साथ ही पाइप चटकने व लीकेज होने की संभावना बनी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जल कल विभाग की मिलीभगत से ठेकेदार गुणवत्ताहीन घटिया पाइप लाइन बिछा रहे हैं।
कोतवाली रोड पर डाले जा रहे घटिया पाइप लाइन का जब स्थानीय लोगों ने विरोध किया तो ठेकेदार का कहना था कि जो पाइप डाले जा रहे हैं, वहीं डाले जाएंगे।
जब इस संदर्भ में जलकल विभाग के अवर अभियंता मनोज आर्या से बात की गई तो उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। समाजसेवियों ने अब इसके बारे में आरटीआई से जानकारी लेने का मन बनाया है साथ ही जिलाधिकारी से नगर में बिछाए जा रहे पाइप लाइन की जांच स्टीमेट से कराने की भी मांग की है।
इस बाबत एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला का कहना है कि अभी उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। वह मामले की जांच कराएंगे। यदि मामला सही पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।