फोटो - 02 मृतक इंद्रकुमार की फाइल फोटो।
उरई। मेडिकल कॉलेज के पास सोमवार शाम को कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पीडब्ल्यूडी के मेट की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के मोहाना गांव निवासी इंद्रकुमार (42) पीडब्ल्यूडी में मेट के पद पर तैनात था। परिजनों ने बताया कि उनकी ड्यूटी कालपी के जोल्हूपुर मोड़ के पास चल रही थी। इस पर वह प्रतिदिन बाइक से ड्यूटी जाते थे। सोमवार की देर शाम वह बाइक से ड्यूटी कर लौट रहे थे। उनकी बाइक शहर कोतवाली क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज के पास पहुंची कि पीछे से कार ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके तीन बेटे हैं। उनकी मौत से पत्नी मंजू देवी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल अंजन सिंह का कहना है कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।