उरई। जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में कई प्रस्ताव पास किए गए। 25 तालाबों के सुंदरीकरण पर चर्चा हुई। दो विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण और मोक्षधाम का भी सुंदरीकरण होगा। आबकारी मंत्री की समीक्षा बैठक में अधिकारियों के व्यस्त होने के कारण कई अधिकारी बैठक में नहीं रहे।
अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ घनश्याम अनुरागी ने कहा कि जिला परिषद की ओर से संचालित ऊमरी और नदीगांव के विद्यालयों में दो अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे। इसके अलावा 25 नए तालाबों को भी विकसित किया जाना है। कालपी के सपा विधायक विनोद चतुर्वेदी के प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी ने कहा कि सत्ता और विपक्ष सभी दलों के सदस्यों को एक समान देखा जाए और उनकी मांग के अनुसार विकास कार्य हों।
जिला पंचायत सदस्य रणविजय ने मनरेगा से तालाब खुदवाने की मांग की। पानी की समस्या के लिए जिला पंचायत से बजट दिया जाए। क्योंकि ग्राम पंचायत स्तर पर पानी की समस्या का निदान नहीं हो रहा है। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने भरोसा दिया कि उनकी समस्याओं को प्रमुखता से दूर किया जाएगा।
कैलाश राजपूत ने मरघट के सुंदरीकरण पर जोर दिया।
इस दौरान सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, सीडीओ डॉ एके श्रीवास्तव, अपर मुख्य अधिकारी विजय प्रकाश, पुष्पेंद्र सिंह, पूनम निरंजन, मनोज याज्ञिक, ज्योति राघवेंद्र पांडेय, अनुरुद्ध प्रताप आदि मौजूद रहे। जिला पंचायत सदस्य उर्मिला सोनकर खाबरी और उमा देवी नहीं आई।