जालौन। गांव में पानी की टंकी के पास खड़ी प्राइवेट बस पर एचटी लाइन टूटने के चलते बस में आग लग गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बस में आग लगने से वाहन स्वामी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदवां निवासी लल्ला भैया टूरिस्ट बस का संचालन करते हैं। दो दिन पूर्व उनकी बस बाहर से गांव में आई थी और उसे शुक्रवार को फिर बाहर जाना था। बस चालक ने बस की धुलाई के बाद उसे गांव में बनी पानी की टंकी के पास खड़ा कर दिया। वहीं पास से एचटी लाइन निकली है। बुधवार रात करीब दस बजे एचटी लाइन का तार टूटकर बस के पिछले हिस्से पर गिर गया। तार गिरने से बस में आग लग गई और देखते ही देखते बस धू धूकर जलने लगी। बिजली आने से ग्रामीण जलती हुई बस पर पानी भी नहीं फेंक सके।
वाहन स्वामी लल्लू भैया न आरोप लगाया कि बिजली बंद करने के लिए उन्होंने कंचनपुरा फीडर पर फोन लगाया लेकिन वहां किसी ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने उरई में संपर्क किया तब कहीं जाकर बिजली बंद हुई। उधर, ग्रामीणों ने बस में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने तकरीबन एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक वाहन स्वामी को लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था।