उरई/कुठौंद। डीएम ने ब्लॉक कार्यालय व जुगराजपुर में निर्माणाधीन गोशाला, प्राथमिक विद्यालय, पोलिंग बूथ व आंगनवाड़ी केंद्र का गुरुवार को निरीक्षण किया। इसके साथ ही निर्माणाधीन जलाधारित परियोजना रायपुरा का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 मार्च तक सभी कार्य पूरा कर गोवंशों को सरंक्षित कर लिया जाए।
उन्होंने विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम होने पर नाराजगी जताई। प्रधानाध्यापक को निर्देश दिए कि छात्रों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही अभिभावकों को प्रेरित करते हुए बच्चों को यूनिफॉर्म में ही स्कूल भेजने के लिए कहें।
उन्होंने मिडे मील में बच्चों को रोस्टर के मुताबिक भोजन न मिलने पर फटकार लगाई। कहा कि बच्चों को रोस्टर के हिसाब से ही भोजन दिया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। विद्यालय के परिसर का फर्श, प्रधानाध्यापक कक्ष व आंगनबाड़ी केंद्र जर्जर होने पर संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रस्ताव बनाकर सही कराया जाए। इसके बाद वह कुठौंद ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। आइजीआरएस जनसुनवाई प्राप्त शिकायत के निस्तारण के संबंध में जानकारी ली। कहा कि किसी भी शिकायतकर्ता की शिकायत लंबित न रहे। इस दौरान एडीएम नमामि गंगे विशाल यादव, एसडीएम जालौन अतुल कुमार, सीबीओ डॉ. निर्मल कुमार आदि मौजूद रहे।