फोटो - 24 बिजली न आने से वार्ड में पंखे से हवा करते मरीज। संवाद
- फोटो : रजिस्ट्री कार्यालय में बैनामा कराने के लिए लाइन में लगे लोग। स्रोत संवाद
उरई। जिला अस्पताल में शुक्रवार को करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। बिजली गुल होने के कारण एक्सरे, अल्ट्रासाउंड समेत कई जांच सेवाएं ठप हो गईं, जबकि ओपीडी में भी मरीजों और चिकित्सकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दोपहर तक बिजली बहाल न होने पर कई मरीज बिना जांच कराए ही लौट गए।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पावर हाउस में आई तकनीकी खराबी के कारण जिला अस्पताल की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने जेनरेटर के जरिए बिजली व्यवस्था सुचारु करने का प्रयास किया, लेकिन अधिक लोड के चलते वह भी जवाब दे गया और करीब एक बजे दोबारा बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
बिजली न होने से अस्पताल की जांच सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। एक्सरे और अल्ट्रासाउंड कराने आए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई मरीज जांच न होने के कारण लौट गए।
अस्पताल प्रशासन ने भर्ती वार्डों और इमरजेंसी सेवाओं को इन्वर्टर के सहारे संचालित किया, जिससे आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं किसी तरह जारी रखी जा सकीं। राजेंद्र नगर निवासी संदीप ने बताया कि बिजली न होने के कारण उनकी जरूरी जांच नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी और भर्ती मरीज भी गर्मी से बेहाल रहे।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जेजे राम ने बताया कि पावर हाउस में आई तकनीकी खराबी के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। बिजली विभाग की टीम ने मरम्मत कार्य पूरा कर शाम करीब चार बजे आपूर्ति बहाल कर दी, जिसके बाद अस्पताल की सेवाएं सामान्य हो सकीं।