बजरिया के मैदान में मौजूद भीड़
- फोटो : ORAI
कोंच। बुंदेली लोकगीतों में मजबूत पकड़ रखने वाले सुप्रसिद्ध गायक देशराज पटेरिया ने अपने एक से एक उम्दा गीतों का ऐसा समां बांधा कि देर रात तक महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ अपनी जगह से हिली नहीं। मोरी पूजा के लड्डू गणेश खा गए, जैसे भारत के नेता पूरा देश खा गए सुनाकर उन्होंने नेताओं पर भी कटाक्ष किए। मौका था, नवल किशोर रामलीला समिति बजरिया का, जहां पर लीला की समाप्ति पर लोकगीत का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
शाम से ही बजरिया का मैदान पटेरिया के इंतजार में खचाखच भरा नजर आ रहा था। देशराज के मंच संभालते ही श्रोताओं ने उनका तालियों के साथ स्वागत किया। देशराज ने बिना कोई देर किया, श्रोताओं की पसंद के एक से एक उम्दा लोकगीत गाकर सभी का दिल जीत लिया। हरे बांस मंडप छाये, चली मौरी वेला साइकिल पे बैठके आदि गीतों को सुनकर श्रोताओं ने खूब तालियां बजाई। इसके अलावा जीजा साली के प्रेम को दर्शाते गीतों से दर्शकों खूब गुदगुदाया भी।
आयोजकों ने बताया कि यूपी और एमपी में देशराज के गीतों को पसंद करने वालों की संख्या लाखों में है। देशराज लंब समय तक आकाशवाणी से भी जुड़े रहे हैं। देशराज ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि सामने बैठी भीड़ साबित कर रही है कि फिल्मी गीत चाहे जितना भी आगे बढ़ जाए लेकिन लोकगीतों के प्रशंसकों की कमी कभी नहीं रहेगी। जिस अपनेपन का अहसास लोकगीत कराते हैं, वे फिल्मी गाने कभी नहीं करा सकते। देशराज के साथ उनकी टीम में कमला, पूजा भारती, ओमप्रकाश अकेला, संध्या कुशवाह, तनिष्का पाठक, ढोलक पर बृजेश विश्वकर्मा, चेतराम सेन, मानानंद शाक्य आदि ने भी अपनी कला का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम एसडीएम अशोक कुमार, सीओ शीशराम, नगर पालिका ईओ बुद्धि प्रकाश आदि मौजूद रहे।
मंच पर प्रस्तुति देते देशराज पटेरिया व उनके साथी- फोटो : ORAI