उरई। उरई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पर दो और तीन पर गर्मी में पंखे नहीं चल रहे है। जिसके चलते गर्मी में यात्रियों को परेशानी हो रही है। कई बार हो हल्ला भी हो चुका है। यात्रियों ने इसकी शिकायत स्टेशन अधीक्षक एसके खरे से की है। उन्होंने बताया कि मामले से संबंधित विभाग और उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। जल्द समस्या का निदान कराया जाएगा।
बताते चलें कि झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक दोहरीकरण के बाद उरई रेलवे स्टेशन पर अप और डाउन दोनों लाइनों में ट्रेनों का संचालन जारी है। अप लाइन के प्लेटफार्म नंबर दो और तीन पर लगे पंखे चलते नहीं है। जब ट्रेन अधिक देर तक प्लेटफार्म पर खड़ी हो जाती है तो यात्री हो हल्ला करने लगते है। बुधवार को बरौनी से ग्वालियर जाने वाले यात्रियों ने हो हल्ला भी किया। बाद में रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। स्टेशन अधिकारियों के मुताबिक, समस्या विभाग को बता दी गई है। जल्द निराकरण किया जाएगा।
---
संत कबीरनगर एक्सप्रेस से टकराए मवेशी
उरई। झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक पर उरई भुआ सेक्शन के बड़ागांव रेलवे क्रासिंग नंबर 178 पर बुधवार की सुबह 8.40 बजे गोरखपुर से मुंबई जाने वाली संत कबीरनगर एक्सप्रेस से अन्ना मवेशियों का झुंड टकरा गया। जिससे दो मवेशियों की कटकर मौत हो गई। इसके चलते ट्रेन करीब 40 मिनट खड़ी रही। ट्रेन चालक ने इसकी जानकारी कंट्रोल रूम और उरई स्टेशन पर तैनात स्टेशन अधीक्षक को दी। मौके पर पहुंची इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने इंजन में फंसे मवेशियों को हटाकर ट्रैक बहाल किया। करीब 40 मिनट तक खड़ी होने के बाद ट्रेन सुबह 9.20 बजे गंतव्य की ओर रवाना हुई। (संवाद)