एट। झांसी कानपुर रेलमार्ग के किनारे रविवार की शाम अज्ञात युवक का शव क्षत विक्षत हालात में पड़ा मिला। रेलवे क्रासिंग पर तैनात गेटमैन ने इसकी जानकारी स्टेशन मास्टर को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
एट थाना क्षेत्र के ग्राम पिंडारी रेलवे क्रॉसिंग से कुछ दूरी पर झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक किनारे 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव क्षत विक्षत हालात में पड़ा देखकर किसानों ने गेटमैन को जानकारी दी। गेटमैन ने आला अधिकारी एवं स्टेशन मास्टर को सूचना दी। रेल अधिकारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की शिनाख्त कराने के लिए गांव के अलावा आसपास के लोगों को बुलाकर युवक की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस का मानना है युवक सफर करते किसी ट्रेन से गिरकर हादसे का शिकार हो गया हो। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। (संवाद)
---
ट्रेन की चपेट में आकर महिला जख्मी
उरई। रेलवे ट्रैक के किनारे जा रही एक महिला ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गई। झांसी कानपुर रेलवे ट्रैक के अजनारी व रिनियां रेलवे क्रासिंग के बीच रविवार की शाम चार बजे छपरा मेल की चपेट में आकर बिरगुआ निवासी प्रभा देवी (35) पत्नी विजय निवासी बिरगुवां गंभीर रुप से घायल हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। (संवाद)