मुहम्मदाबाद (जालौन)। पुलिस टीम ने खनन के मामले में वांछित खरका गांव निवासी धर्मेंद्र राजपूत को पकड़ लिया। इससे घर की महिलाएं पुलिस से उलझ गई और आरोपी को छुड़ा लिया। इससे वांछित मौका पाकर भाग गया। आरोप है कि पुलिस ने घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट कर घर के सामान में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी व परिजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
डकोर थाने में तैनात दरोगा जगदीश दुबे सिपाही मुकेश के साथ थाना क्षेत्र के खरका गांव निवासी खनन के मामले में वांछित आरोपी धर्मेंद्र राजपूत को पकड़ने गए थे। आरोपी घर पर था। इस पर पुलिस ने उसे पकड़कर ले जाने लगी, तभी आरोपी की पत्नी अन्य परिजनों के साथ पुलिस वालों से भिड़ गई। महिलाओं की पुलिस के साथ खूब छीनाझपटी हुई।
जिससे दरोगा जगदीश दुबे भी जमीन में गिर गए, इसी बीच एक महिला ने उनके हाथ में काट लिया। जिससे पकड़ ढीली होने पर वांछित आरोपी वहां से भाग गया। घटना से खलबली मच गई। सूचना पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। दरोगा जगदीश दुबे की तहरीर पर पुलिस ने धर्मेंद्र, संतोषी, भूरी, वीरबल, पूजा, संदीप व अभय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, वांछित के परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की है। उनके घर में रखे सामान में तोड़फोड़ की है। सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।