डकोर कोतवाली में चेकिंग के द्वारा पकडे रुपयों के साथ पकड़ने वाली टीम
- फोटो : ORAI
मुहम्मदाबाद। विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्रवार को चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान डकोर कोतवाली पुलिस ने लग्जरी कार से 55 लाख रुपये बरामद किए हैं। कार में सवार लोग मौके पर रुपयों का हिसाब-किताब नहीं दे सके हैं। कोतवाली पुलिस की सूचना पर आला अफसरों ने थाने पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डकोर कोतवाली प्रभारी समीर कुमार सिंह फोर्स के साथ शुक्रवार की दोपहर उरई-राठ मार्ग पर सत्ताताल मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक कार को रोका गया। चेकिंग में पुलिस को एक कार के अंदर 55 लाख रुपये मिले। कार में सवार तीन युवकों में से एक भी बरामद रुपयों के बारे में जानकारी नहीं दे सका। न ही रुपयों से संबंधित दस्तावेज ही दिखा पाए। कोतवाली प्रभारी की सूचना पर सीओ सीटी विजय आनंद, आयकर विभाग के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी अफसर अपने-अपने स्तर से मामले की जांच कर रहे है। सीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बरामद नकदी मौरंग कारोबार से जुड़ी होने की बात सामने आई है। नकदी जब्त कर जांच की जा रही है।