कोतवाली में अधीनस्थों को निर्देश देते एसपी
- फोटो : ORAI
जालौन। ग्रामीण क्षेत्रों में जो प्रवासी मजदूर आए हैं उन पर विशेष नजर रखें। प्रधान पद के लिए होने वाले संभावित चुनावों को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्र में सूचना तंत्र मजबूत करें। यदि कोई शांतिभंग करने की कोशिश करे तो तत्काल कार्रवाई करें। यह निर्देश एसपी ने सिरसाकलार, कुठौंद व जालौन कोतवाली के अर्दली रूम के तहत अपराध समीक्षा बैठक में दिया।
एसपी डॉ. सतीश कुमार ने जालौन कोतवाली में अधीनस्थों संग बैठक में कहा कि कोरोना के चलते बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर बाहर से गांवों में आए हैं। उन पर विशेष नजर रखें। इनके आपराधिक इतिहास के बारे में भी पता करते रहें। ताकि यह शांति व्यवस्था भंग न कर सकें।
उन्होंने हल्का प्रभारियों को भी निर्देशित किया कि प्रधान पद के लिए संभावित चुनावों को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतें। गांवों में अपने सूचना तंत्र को मजबूत करें। यदि कोई शांति व्यवस्था के लिए खतरा बनता है तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई करें। मास्क न पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने लंबित विवेचनाओं पर सभी विवेचकों को एक पखवारे के अंदर विवेचनाओं को निस्तारित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कोतवाल रमेशचंद्र मिश्रा, आनंद कुमार, संजीव दीक्षित आदि रहे।