कोंच। प्रयागराज में आयोजित ऐतिहासिक महाकुंभ मेले में लगातार 75 दिनों तक कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ ड्यूटी करने वाले कोंच कोतवाली में तैनात पुलिसकर्मियों को सोमवार को सम्मानित किया गया।
सीओ परमेश्वर प्रसाद एवं कोतवाल अजीत सिंह ने आरक्षियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर मेडल पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। सीओ ने कहा कि प्रयागराज कुंभ मेला विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है, जहां सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। कठिन परिस्थितियों में भी 75 दिनों तक अनुशासन और निष्ठा के साथ ड्यूटी करना गर्व की बात है। सम्मानित होने वाले आरक्षियों में गौरव सिंह, राहुल, धीरज, शिवराम, ओमकार, अवनीश, भूपेंद्र पाल, रंजीत व आलोक दुबे शामिल रहे। कोतवाल अजीत सिंह ने सभी पुलिसकर्मियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।(संवाद)