मुहम्मदाबाद (उरई)। जैसारी कलां नहर अंडरपास के पास रविवार तड़के पुलिस और अंतरजनपदीय गिरोह के चार बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। एक बदमाश ने आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि चौथा भाग निकला। एसपी ने चौथे बदमाश पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया है।
एसओजी, सर्विलांस व डकोर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे जैसारी कलां नहर अंडरपास के पास बदमाश कार में चोरी की साजिश रच रहे हैं। पुलिस की टीमों ने उन्हें पकड़ने के लिए घेराबंदी की। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में महोबा के चरखारी थाना क्षेत्र के बफरेटा निवासी नरेंद्र पाल, हमीरपुर जिले के जरिया थाना क्षेत्र के छीबोली निवासी विष्णु उर्फ विशुन के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
कार चालक डकोर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी बंधौली निवासी शिवम ने आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं हमीरपुर के जलालपुर थाना क्षेत्र के हरसुंडी गांव निवासी रामू मौके से भाग गया। पुलिस ने उसके ऊपर 25 हजार का इनाम घोषित किया है।
पुलिस को बदमाशों के पास से दो तमंचे, कारतूस, कार, दो मोबाइल, लोहे का सब्बल, पेचकश, 2150 रुपये बरामद हुए हैं। घायल बदमाशों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए नरेंद्र पर जालौन, हमीरपुर में 20 मामले विभिन्न धाराओं में दर्ज हैं। विष्णु उर्फ विशुन पर हमीरपुर के विभिन्न थानों में 15 मामले दर्ज हैं। भागे बदमाश की तलाश में टीमें गठित की हैं।