सिरसा कलार। कस्बे की पानी की टंकी की मोटर शनिवार शाम फुंक गई। इससे कस्बे की करीब दस हजार लोगों को पीने के पानी के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। रविवार सुबह से ही लोग हैंडपंपों पर लाइनें लगाकर पानी भरते नजर आए।
कस्बेवासियों ने बताया कि भीषण गर्मी में हर साल इसी समय टंकी की मोटर खराब हो जाती है। इससे उन्हें पेयजल संकट का सामना करना पड़ता है। कस्बे में करीब 50 हैंडपंप हैं, जिनमें से अधिकतर या तो सूखे हैं या खराब पड़े हैं। ऐसे में लोगों के पास पानी भरने के सीमित विकल्प हैं।
सरकार की नमामि गंगे योजना के तहत कस्बे में लगाए गए नलों में अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। इससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। कस्बे की टंकी से छानी, अहीर तरसौर, जयसिंहपुर, जुगियापुर, पीपरी, गिंगोरा, खोड़न, जखा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में भी पानी की आपूर्ति होती है। टंकी की मोटर फुंकने से इन सभी गांवों में पानी की सप्लाई ठप हो गई है। अमित मिश्रा, संजय पुरवार, पप्पू पुरवार, अजय मिश्रा, शेष पुरवार, बीरेंद्र भास्कर, ज्ञान सिंह परिहार ने बताया कि हर साल गर्मी में मोटर फुंक जाती है, लेकिन प्रशासन समय रहते कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं करता।
वर्जन-
मोटर जलने की सूचना मिल चुकी है। शीघ्र ही नई मोटर लगवाई जाएगी और पानी की आपूर्ति बहाल की जाएगी।
रिजवान, जेई, जल विभाग