कालपी। शादी का झांसा देकर युवक ने युवती से करीब एक वर्ष तक कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी करने के लिए कहा तो युवक ने इन्कार कर दिया। युवती की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बघौरा निवासी विकास से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच फोन से बात होने लगी और यह बात धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। आरोप है कि युवक ने इस दौरान कई बार उसके साथ शादी की बात कहकर शारीरिक संबंध बनाए।
बताया कि वह कई बार युवक के साथ घर गई और वह उसे होटल में भी ले गया। जब उसने शादी के लिए कहा तो युवक ने मना कर दिया। उसने इसका विरोध किया तो युवक ने पिटाई की और धमकी दी। कोतवाली प्रभारी अजय ब्रह्म तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।