कदौरा क्षेत्र के ग्राम बागी के लोगों ने कोटेदार पर मनमानी का आरोप लगाकर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए राशन की दुकान में ताला डाल दिया। इसके बाद हमीरपुर हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजयकांत तिवारी भी पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया। बात न बनती देख पुलिस को सूचना कर दी गई। तब तक मामला एसडीएम और सप्लाई इंस्पेक्टर की भी जानकारी में पहुंच गया। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने में जुट गई।
ग्रामीण फूलकली रामदेवी, नंदनी, प्रेमलता, रामश्री, वंदना, सुभाष सिंह, अमृत सिंह, ताराबाई, मलखान, विनोद व बलवीर आदि का कहना है कि कोटेदार दयाराम ने दिसंबर माह का केरोसिन अब तक नहीं दिया है और कार्डों में चढ़ा दिया है। पूछने पर कहते हैं कि तेल आया ही नहीं है, जबकि क्षेत्र की अन्य दुकानों पर तेल दिया जा रहा है। इतना ही नहीं दयाराम अपनी मर्जी से दुकान खोलते और बंद करते हैं। जिससे हमें राशन से वंचित होना पड़ता है। थाना प्रभारी कामता प्रसाद ने कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को शांत कराया। एसडीएम का कहना है कि यदि आरोप सही पाए गए तो दया के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।