भारत पाकिस्तान में तनाव को देखते हुए विश्व हिंदू परिषद के 21 जिलों के कार्यकर्ता आतंकवाद के विरुद्ध आवाज उठाएंगे। इसके लिए दो और तीन मार्च को विहिप की प्रांतीय बैठक होगी। आयोजन कानपुर के जाजमऊ, डिफेंस कॉलोनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में शाम चार बजे से होगा।
परिषद के प्रांतीय सहमंत्री दीनदयाल गौड़ ने बताया कि बैठक में अगले छह महीने के कार्यक्रमों के अलावा वर्तमान परिस्थिति में राष्ट्रीय अस्मिता के लिए खतरा बन चुके आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर भी मंथन किया जाएगा।
इस मौके पर विहिप पूर्वी प्रांत के संगठन मंत्री अंबरीष सिंह व कई अन्य कार्यकर्ताओं का मार्ग दर्शन करेंगे। जिन संगठनात्मक आयामों के साथ अगले छह महीने में कार्यक्रम किए जाने हैं, उनमें धर्म प्रसार, सेवा, मंठ मंदिर, गोरक्षा, धर्माचार्य संपर्क प्रमुखों की बैठक, सामाजिक समरसता, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी, मातृ शक्ति और सत्संग हैं। प्रांत से जुड़े ललितपुर, झांसी महानगर, झांसी ग्रामीण, उरई, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, बिंदकी, बिल्हौर, कानपुर पश्चिम, उत्तर, दक्षिण और कानपुर पूर्व से जुड़े कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी।