कालपी। नगर के मोहल्ला राजेपुरा एवं रामचबूतरा वार्ड संख्या-11 में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराने से स्थानीय लोग परेशान हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर सभासद के नेतृत्व में मोहल्लेवासियों ने जल संस्थान के अवर अभियंता बासिद अली को ज्ञापन सौंपा।
शिकायती पत्र में बताया गया कि मोहल्ले के कई घरों में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है, जिससे लोगों को पेयजल और दैनिक कार्यों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मोहल्लेवासियों ने कहा कि क्षेत्र में स्थित मां संकटा देवी मंदिर परिसर का हैंडपंप ही आसपास के लोगों के लिए पानी का मुख्य सहारा है, लेकिन उससे भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
नागरिकों ने जनहित को देखते हुए हैंडपंप में सबमर्सिबल पंप लगवाने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में खान बाबू, नरेंद्र कुमार, निशु विश्वकर्मा, नकुल, रवि, मुकुल समेत अन्य लोग शामिल रहे। जेई ने कहा कि जल्द ही पानी की सप्लाई शुरू करवा दी जाएगी।