उरई। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर आईफोन चोरी के शक में एक यात्री ने युवक को पकड़कर जमकर पीटा। करीब दस मिनट तक चले हंगामे के दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगा। इस बीच पकड़ा गया युवक मौका पाकर भाग निकला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पनवेल एक्सप्रेस (15066) के उरई स्टेशन पहुंचने पर जनरल कोच से उतरे श्रावस्ती निवासी सूर्या खानपान सामग्री लेने प्लेटफार्म पर पहुंचे। उनका आरोप है कि इसी दौरान दो युवकों में से एक ने उनकी पैंट की जेब से आईफोन निकाल लिया। उन्होंने तत्काल एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी मोबाइल लेकर भाग गया।
मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए सूर्या ने पकड़े गए युवक की पिटाई शुरू कर दी। करीब दस मिनट तक प्लेटफार्म पर हंगामा होता रहा। शोर सुनकर पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि उन्होंने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इस बीच यात्रियों की भीड़ जुटने पर युवक उनकी पकड़ से छूटकर भाग निकला। बाद में पीड़ित ने आरपीएफ थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, जीआरपी थानाध्यक्ष हेमंत सोलंकी ने बताया कि वह अभी बाहर हैं। लौटने के बाद मामले को देखेंगे। (संवाद)