जालौन। शिक्षा से जीवन बेहतर होता है। जरूरी नहीं कि पढ़ाई करने के बाद हर कोई आईएएस, पीसीएस या डाक्टर बन जाए। पढ़ाई के बाद आप जिस क्षेत्र में भी कार्य करें। उस क्षेत्र में अपनी तालीम का उपयोग कर बेहतर करने का प्रयास करें। यह बात डीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित समाजसेवी शिक्षा कार्यशाला एवं पुरातन छात्र सम्मेलन में कही। डीएम ने छात्राओं को सम्मानपत्र एवं स्वेटर वितरण भी दिए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गूढ़ा न्यामतपुर में समाजसेवी शिक्षा कार्यशाला एवं पुरातन छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया। अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी ने कहा कि जब आप शिक्षा प्राप्त कर रहे हों तो आपको उसी पर ध्यान केंद्रित करना है। लक्ष्य बनाकर पढ़ाई करें तो परिणाम बेहतर होने की उम्मीद होती है।
डीएम ने विद्यालय में कक्षा 8 तक की शिक्षा प्राप्त कर चुकी 20 छात्राओं को स्कूल बैग, कक्षा 9 की पाठ्य पुस्तकें एवं सम्मानपत्र वितरित किए। स्कूल में बने गार्ड रूम का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि प्रतिभा हर व्यक्ति में छिपी होती हैं जरूरत सिर्फ उसे निखारने की हैं। उन्होंने बच्चियों से अपनी प्रतिभा को निखारने व उसका प्रयोग समाज व देश हित में करने की अपील की। कार्यक्रम में स्कूल के संरक्षक संजय परमार्थ ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बच्चियों ने कजरी व गीत प्रस्तुत किए। डीआईओएस भगवत पटेल, बीएसए प्रेमचंद यादव, एसडीएम गुलाब सिंह, समाजसेवी रामराजा निरंजन, पुनीत मित्तल, वार्डन साधना निरंजन, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य तैयबा बानो, प्रधानाध्यापक जावेद अहमद आदि मौजूद रहे।