उरई। वृद्ध की संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई। ग्रामीणों ने वृद्ध को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सिरसाकलार थानाक्षेत्र के निबहना गांव निवासी स्वामीदीन (80) की शहर के मोहल्ला सुशील नगर में तीन दिन पहले संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ गई थी। ग्रामीणों ने उन्हें अज्ञात में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। पुलिस ने लावारिस में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार को परिजनों को जानकारी हुई तो वृद्ध की शिनाख्त की हुई। परिजनों ने बताया कि वृद्ध के तीन पुत्र व दो पुत्रियां है। उनका एक पुत्र बंसत प्रजापति शहर के मोहल्ला बघौरा में रहता है।
स्वामीदीन किसानी के साथ-साथ भजन कीर्तन आदि भी करते थे। वह सुशील नगर में चल रही भागवत कथा में गए थे, जहां तबीयत बिगड़ गई थी। मौत से पत्नी ज्ञानवती व पुत्र-पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चलेगी।