आटा। आटा-अकोढ़ी मार्ग पर बृहस्पतिवार शाम ट्यूबवेल की पीटीडब्ल्यू लाइन ठीक करते समय बिजली सप्लाई चालू करने से आए करंट की चपेट में आकर संविदा बिजलीकर्मी की मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र पहुंचकर हंगामा किया और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की।
आटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नीतू कुशवाहा (25) आटा बिजली उपकेंद्र में संविदा पर लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह आटा-अकोढ़ी मार्ग पर ट्यूबवेल की पीटीडब्ल्यू लाइन में आई खराबी ठीक करने पहुंचा था। पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, नीतू बिना शटडाउन लिए ही पोल पर चढ़कर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई। करंट की चपेट में आने से वह तारों से चिपक गया और बुरी तरह झुलसने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई भेज दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही पिता मंगल घटनास्थल पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर वह बदहवास हो गए और उससे लिपटकर घंटों रोते रहे। पिता को इस तरह बिलखता देख मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। नीतू की शादी एक साल पहले आकांक्षा से हुई थी। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी बेसुध हो गई।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीण शाम करीब छह बजे आटा बिजली उपकेंद्र पहुंच गए और हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि नीतू शटडाउन लेकर लाइन ठीक कर रहा था। इसके बावजूद बिजली सप्लाई कैसे चालू हो गई। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के उपकेंद्र पहुंचने पर वहां मौजूद एसएसओ के भी चले जाने की बात सामने आई। हंगामे की सूचना पर सीओ कालपी सदानंद सिंह, एसडीएम और आटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। तनाव को देखते हुए बिजली उपकेंद्र पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
शटडाउन को लेकर विभाग और ग्रामीणों के अलग-अलग दावे
संविदाकर्मी की मौत के मामले में शटडाउन को लेकर बिजली विभाग और ग्रामीणों के दावे अलग-अलग हैं। एक्सईएन जितेंद्र नाथ का कहना है कि संविदाकर्मी बिना शटडाउन लिए ही लाइन ठीक कर रहा था, जबकि ग्रामीणों का दावा है कि नीतू ने शटडाउन लिया था। एक्सईएन ने बताया कि जेई की ओर से उन्हें जानकारी दी गई है कि काम के दौरान शटडाउन नहीं लिया गया था। मामले की विभागीय जांच कराई जाएगी। जांच में यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि लाइनमैन का बीमा होता है और पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी।
मृतक नीतू की फाइल फोटो