उरई। साइबर ठगों ने पुलिस अधीक्षक जालौन सुरेश चंद्र रावत के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फेसबुक पर फर्जी आईडी बना ली। इस आईडी के जरिए एक गल्ला व्यापारी को ठगने की कोशिश की गई। हालांकि, व्यापारी को संदेह होने पर उसने इसकी जानकारी सीधे एसपी को दी, जिसके बाद मामला सामने आया।
विज्ञापन
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी सुरेश चंद्र रावत ने जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अपनी वास्तविक फेसबुक आईडी से पोस्ट कर लोगों को फर्जी आईडी के जरिए होने वाली ठगी के प्रति आगाह किया है। एसपी ने अपील की है कि उनके नाम और फोटो से बनी किसी भी संदिग्ध आईडी से आने वाली फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और न ही किसी तरह के संदेश या आर्थिक मदद की मांग पर भरोसा करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। साथ ही किसी भी व्यक्ति की पहचान की पुष्टि किए बिना उससे ऑनलाइन लेनदेन न करें।