कोंच। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की डीलरशिप दिलाने के नाम पर 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी करीब पांच वर्षों से पुलिस की पकड़ से दूर था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश बहादुर सिंह और उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह की टीम ने बुधवार रात एफसीआई गेट के पास से बिहार के पटना के नरुद्दीनगंज माल सलामी माधव मिल्स निवासी उमेश कुमार चौहान को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2020 में दर्ज धोखाधड़ी के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक जालौन की ओर से 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
ग्राम भदारी निवासी शैलेंद्र कुमार गौतम ने 17 अगस्त 2020 को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम की डीलरशिप दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने उससे बैंक खाते में 39 लाख रुपये जमा करा लिए। इसके अलावा अन्य रकम मिलाकर उसके साथ कुल 75 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई, लेकिन उसे डीलरशिप नहीं मिली।
मामले में पुलिस ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के सीनियर एसोसिएट आशीष मंडल निवासी कोलकाता, उसके साथी सुजीत शुक्ला, राहुल शर्मा सहित कुछ अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। बाद में विवेचना क्राइम ब्रांच जालौन को सौंपी गई। जांच के दौरान उमेश कुमार चौहान का नाम भी मामले में सामने आया। पुलिस ने कोर्ट से वारंट हासिल कर उसकी तलाश शुरू की थी। बुधवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।