फोटो - 25 किक्रेट मैच का उद्घाटन करते मुख्य अतिथि वीरपाल चौधरी। स्वयं
गढ़र को हराकर उरई ने सात विकेट से जीता उद्घाटन मैचजालौन के शहजादपुरा में चल रहा रायल चैलेंजर क्रिकेट टूर्नामेंट
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। जालौन के शहजादपुरा गांव स्थित मैदान में शनिवार से रायल चैलेंजर क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि बसपा नेता वीरपाल बबलू चौधरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन मुकाबला गढ़र और उरई की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें उरई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गढ़र की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में दो विकेट खोकर 64 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी उरई की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी का परिचय देते हुए आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया।
मैच में उरई के अरुण सेंगर ने घातक गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं अरुण ने 28 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मुख्य अतिथि वीरपाल चौधरी ने अरुण सेंगर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि वीरपाल चौधरी ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का संदेश देते हैं। ऐसे टूर्नामेंट ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और क्षेत्र का नाम रोशन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद हामिद अली, विनीत भास्कर, रामऔतार गौतम, आलोक महान, अभिलाख, मनमोहन सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।