उरई/कोंच/कालपी। शनिवार को जिले के विभिन्न थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। उरई कोतवाली में जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं।उरई में कुल सात प्रार्थनापत्र प्राप्त हुए, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश के साथ भेजा गया।
डीएम ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य शिकायतों का स्थायी समाधान है, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसपी ने थाना स्तर पर अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण पर जोर दिया। कोंच कोतवाली में भी सात शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से एक का तत्काल समाधान किया गया। क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने संबंधित अधिकारियों को शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
कालपी में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित थाना दिवस में दो भूमि विवाद संबंधी शिकायतें आईं। एक मामले का निस्तारण किया गया, जबकि दूसरे के लिए राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।